सरकारी जमीनों पर जनता का हक, भाजपा सरकार की निजी जागीर नहीं बनने देंगे : हरीश रावत – BBN Bharat

सरकारी जमीनों पर जनता का हक, भाजपा सरकार की निजी जागीर नहीं बनने देंगे : हरीश रावत

0

देहरादून:  उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘भूमि बचाओ–धामी हटाओ’ अभियान के तहत आज हरिद्वार में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अलकनंदा होटल हरकी पैड़ी के समीप पार्टी के साथियों के साथ धरना-प्रदर्शन कर धामी सरकार की जमकर घेराबंदी की I
इस अवसर पर हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड की सरकारी जमीनें और सार्वजनिक संपत्तियां प्रदेश की जनता की अमानत हैं। इनका संरक्षण करना सरकार की जिम्मेदारी है, न कि इन्हें निजी हितों के लिए इस्तेमाल करने या चहेतों को लाभ पहुंचाने का माध्यम बनाने की छूट देना। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेशकीमती जमीनों को लेकर जिस तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं, उनका जवाब सरकार को देना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण यहां के संसाधनों, जल, जंगल और जमीन पर प्रदेशवासियों के अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ था। आज उन्हीं संसाधनों और सार्वजनिक संपत्तियों के भविष्य को लेकर प्रदेश की जनता चिंतित है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि सरकारी जमीनों के संरक्षण, उपयोग और आवंटन को लेकर उसकी नीति क्या है और इन फैसलों से आखिर लाभ किसे मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मत है कि सरकारी संपत्तियों पर पहला अधिकार जनता का है। इन्हें किसी भी राजनीतिक या निजी हित की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा। भाजपा सरकार को जनता के सवालों से बचने के बजाय पारदर्शिता के साथ जवाब देना चाहिए। उत्तराखंड में सरकारी जमीनों एवं सार्वजनिक संपत्तियों की कथित बंदरबांट के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज प्रदेशभर में ‘भूमि बचाओ–धामी हटाओ’ अभियान के तहत 11 स्थानों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किए गए। प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने धरना देकर धामी सरकार से सरकारी जमीनों और सार्वजनिक संपत्तियों को लेकर जवाब मांगा। हरिद्वार के अलकनंदा होटल में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ धरना देकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मसूरी के हाथीपांव स्थित जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने नैनीताल के पटवाडांगर एवं ज्योलीकोट क्षेत्र में तथा प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने डाकपत्थर की सरकारी भूमि पर आयोजित धरने में नेतृत्व किया।
इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल की भूमि पर धरने का नेतृत्व किया। प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी वरिष्ठ नेताओं एवं विधायकों की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकारी संपत्तियों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित इस धरने के माध्यम से कांग्रेस ने स्पष्ट संदेश दिया कि उत्तराखंड की जमीन, संसाधनों और सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। प्रदेश की जनता के हक और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़े इस सवाल पर कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
इस दौरान धरने में प्रदेश उपाध्यक्ष संजय पालीवाल व संतोष चौहान, विधायक रवि बहादुर व अनुपमा रावत ,पूर्व विधायक राम यश सिंह, लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र रावत एवं विधानसभा प्रत्याशी गण महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग एवं हरिद्वार ग्रामीण जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह ,संजय अग्रवाल इत्यादि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.