पहाड़ी बग्वाल एवं जाण-पछाण मिलन समारोह में  पहाड़ी गीतों पर जमकर थिरके सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी – BBN Bharat

पहाड़ी बग्वाल एवं जाण-पछाण मिलन समारोह में  पहाड़ी गीतों पर जमकर थिरके सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी

0

देहरादून। उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं के प्रति प्रेम जब व्यवहार में नजर आता है तो वह समाज के लिए प्रेरणादायी संदेश बन जाता है। कुछ ऐसा ही नजारा देहरादून के बंजारावाला स्थित गंगोत्री विहार में आयोजित इगास बग्वाल के विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में देखने को मिला। सूचना महानिदेशक एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी इस दौरान पूरी तरह पहाड़ी रंग में रंगे नजर आए। पारंपरिक लोकगीतों की धुन गूंजी तो वह खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए और पहाड़ी गीतों पर जमकर नृत्य कर आयोजन की रौनक बढ़ा दी। इस दौरान भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी उनके साथ कदम से कदम मिलाए।

दीपावली के 11 दिन बाद मनाए जाने वाले उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में लोक संस्कृति और पहाड़ी परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिली। बंशीधर तिवारी की सहज सहभागिता और लोकगीतों पर उनका उत्साह कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। उन्होंने कहा कि रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में उत्तराखंड के लोग भले ही देश-दुनिया के विभिन्न हिस्सों में पहुंच गए हों, लेकिन अपनी संस्कृति, सभ्यता और जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि इगास जैसे लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक विरासत के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन न केवल हमारी पुरातन परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं। आज आवश्यकता है कि हम अपनी परंपराओं को केवल उत्सवों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।

पहाड़ी गीतों पर थिरकते बंशीधर तिवारी ने अपने अंदाज से यह संदेश भी दिया कि उत्तराखंड की संस्कृति केवल हमारी पहचान नहीं, बल्कि हमारी असली ताकत है। अपनी जड़ों पर गर्व और परंपराओं के प्रति सम्मान ही लोक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.