आपदा प्रबंधन का मूल मंत्र है सतर्कता और तैयारीः डा. वीकेएस संजय
देहरादून। प्राकृतिक आपदाओं को रोकना हमेशा संभव नहीं है, लेकिन बेहतर योजना, समय पर चेतावनी और निरंतर तैयारी से उनसे होने वाली जनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसके लिए सरकारी तंत्र के साथ-साथ आम जनता में भी आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता जरूरी है। यह बात पद्मश्री सम्मानित प्रो. डॉ. बी. के. एस. संजय, अध्यक्ष, एम्स गुवाहाटी ने नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला डिजास्टर मेडिसिन एंड ग्लोबल हेल्थ सिक्योरिटी का उद्घाटन करते हुए कही। यह कार्यशाला 16 से 18 नवंबर तक आयोजित की जा रही है। इसका आयोजन एम्स गुवाहाटी ने डॉक्टर्स फॉर यू और सेविंग लाइव्स इंटरनेशनल के सहयोग से तथा एसआरआईएचईआर के समर्थन से किया है।
डॉ. संजय ने कहा कि भारत की भौगोलिक स्थिति और विविधता इसे कई प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील बनाती है। हिमालयी क्षेत्रों में भूकंप, नदी तंत्र के कारण बाढ़, तटीय क्षेत्रों में चक्रवात और शुष्क इलाकों में सूखे का खतरा बना रहता है। ऐसे में आपदा प्रबंधन की जानकारी केवल वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं और प्रशासन तक सीमित न रहकर आम नागरिकों तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा की तैयारी किसी घटना के बाद नहीं, बल्कि हर समय होनी चाहिए। उन्होंने भूकंपरोधी भवन निर्माण, सक्रिय नदी क्षेत्रों और बाढ़ संभावित इलाकों में बस्तियां तथा निर्माण कार्य रोकने और आवासीय एवं औद्योगिक क्षेत्रों में अनियोजित भीड़भाड़ से बचने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहरों की योजना बनाते समय पर्याप्त सड़कें, खुले स्थान और आपातकालीन निकासी मार्ग सुनिश्चित करना जरूरी है। सड़कें शरीर की रक्त वाहिकाओं की तरह हैं, जो आपदा के समय एंबुलेंस, राहत और बचाव दलों की आवाजाही का माध्यम बनती हैं। आवासीय और औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन भी आवश्यक है। कोविड-19 महामारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सामूहिक तैयारियों और समन्वित प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने काजीरंगा जैसी सार्वजनिक परिवहन दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए सुरक्षित वाहन, जिम्मेदार ड्राइविंग, यातायात नियमों का पालन और त्वरित ट्रॉमा केयर सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ रक्षा विशेषज्ञों, जलवायु विशेषज्ञों और चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों ने भी विचार रखे। प्रमुख वक्ताओं में डॉ. डोनाल्ड डोनाह्यू, अध्यक्ष, वर्ल्ड एसोसिएशन फॉर डिजास्टर एंड इमरजेंसी मेडिसिन डॉ. पीटर पटेल, सेविंग लाइव्स इंटरनेशनल, यूकेय प्रो. अशोक पुराणिक, कार्यकारी निदेशक, एम्स गुवाहाटी प्रो. टी. वी. रामकृष्णन, प्रो. वर्जीनिया और डॉ. रॉब रसेल, यूके डॉ. के. सेल्वराजन, एसआरआईएचईआर डॉ. आकाश श्रीवास्तव, एनसीडीसी डॉ. माधुरी डब्ल्यू. बरसागड़े डॉ. बिनोद पात्रा, एनआईएचएफडब्ल्यू, नई दिल्ली प्रो. संजीव भोई और डॉ. तौसीफ थंगलवाड़ी, एम्स नई दिल्लीय डॉ. रजत जैन, डॉक्टर्स फॉर यूय तथा नेपाल के डॉ. समीर कुमार अधिकारी शामिल रहे।