एंटीबायोटिक दवाओं के दुरुपयोग से बढ़ रहा खतरा, फार्मासिस्टों ने दिया जागरूकता का संदेश
-उत्तराखंड में 80 संस्थानों के 1100 प्रतिभागियों ने लिया फार्मेसी सप्ताह समारोह में भाग
-रोगाणुरोधी प्रतिरोध से मुकाबले के लिए जिम्मेदार दवा उपयोग जरूरीः विशेषज्ञ
देहरादून। भारतीय फार्मेसी परिषद, नई दिल्ली की ओर से उत्तराखंड में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 के राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन हिमालयन कल्चर सेंटर, गढ़ी कैंट में किया गया। इस वर्ष समारोह की थीम श्स्वस्थ भारत रोगाणुरोधी प्रतिरोध का मुकाबला रखी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य रोगाणुरोधी प्रतिरोध के प्रति जागरूकता बढ़ाने और एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार उपयोग को प्रोत्साहित करना रहा। समारोह में प्रदेशभर के फार्मेसी विद्यार्थी, शिक्षक, कार्यरत फार्मासिस्ट, संस्थानों के प्रतिनिधि और अन्य विशेषज्ञ शामिल हुए। प्रदेश के 80 फार्मेसी संस्थानों का प्रतिनिधित्व करते हुए करीब 1100 प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। आयोजन में उद्घाटन सत्र, विशेषज्ञ व्याख्यान, परिचर्चा और विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम से पहले प्रदेशभर में रोगाणुरोधी प्रतिरोध के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत 31 अक्टूबर को आयोजित जागरूकता रैली में 1500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश दिया।
समारोह के उद्घाटन सत्र में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन, तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सुबोध उनियाल, वीएमएसबीयूटीयू देहरादून की कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर, उत्तराखंड फार्मेसी परिषद के रजिस्ट्रार केएस फर्शवान, भारतीय फार्मेसी परिषद के अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार एम. पटेल, उपाध्यक्ष जशुभाई एच. चैधरी, केंद्रीय परिषद सदस्य बलदेव कुमार, दिनेश कुमार मदान, डॉ. विभु साहनी, डॉ. एम. वेंकट चरण बेहरा, डॉ. पद्मा चरण बेहरा सहित कई विशेषज्ञ मौजूद रहे।
कार्यक्रम में साइ-टून प्रतियोगिता, पोस्टर प्रस्तुति और फार्मा प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। इसके बाद रोगाणुरोधी प्रतिरोध विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान और परिचर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और गलत इस्तेमाल भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य संकट पैदा कर सकता है। दवाओं के जिम्मेदार वितरण, मरीजों को उचित परामर्श देने और आमजन को जागरूक करने में फार्मासिस्टों की भूमिका महत्वपूर्ण है। समापन सत्र में आयोजन समिति ने भारतीय फार्मेसी परिषद, सहभागी संस्थानों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और सहयोगी संगठनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के राज्य संयोजक डॉ. शिवानंद एम. पाटिल तथा राज्य समन्वयक प्रो. डॉ. कपिल कालरा सहित आयोजन से जुड़े प्रतिनिधियों ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वालों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध से मुकाबला किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसके लिए समाज केप्रत्येक वर्ग को जागरूक होना होगा। एंटीबायोटिक दवाओं का उचित उपयोग ही भविष्य की पीढ़ियों के लिए उनकी प्रभावशीलता बनाए रखने में सहायक होगा।