अंतर्राष्ट्रीय शतरंज दिवस पर वैदिक ब्लिट्ज शतरंज प्रतियोगिता आयोजित, 5 राज्यों के 175 से अधिक खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग

0

देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय शतरंज दिवस के अवसर पर वैदिक चेस देहरादून द्वारा सेंट्रियो मॉल में 14वीं वैदिक रैपिड एवं 15वीं वैदिक ब्लिट्ज शतरंज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड सहित 5 राज्यों के 175 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जबकि विभिन्न आयु वर्गों के 40 खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
वैदिक चेस के निदेशक विशाल वैदिक ने बताया कि संस्था का उद्देश्य शतरंज के माध्यम से बच्चों और युवाओं में तार्किक सोच, एकाग्रता तथा निर्णय क्षमता का विकास करना है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने किया। उन्होंने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि रणनीति, धैर्य और सकारात्मक सोच विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से शतरंज खेलने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यह खेल व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर उन्होंने राज्य स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों कियान सिंघल, अद्विका कुमार, अनुष्का रावत एवं पार्कि्षत नौटियाल को विशेष रूप से सम्मानित किया।
समापन समारोह में हिमाचल टाइम्स ग्रुप ऑफ न्यूजपेपर्स की स्वामिनी रचना पांधी, समाजसेवी किरन सिंह, जल विभाग के अधिशासी अभियंता राजेंद्रपाल सिंह, भाजपा के प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत तथा भाजपा के प्रदेश आईटी संयोजक यमन डबराल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों अरमान बक्शी, केशव गर्ग, अनुग्रह सिंह, देबद्रितो, काइया ध्यानज एवं अभिनीत सिन्हा सहित अन्य प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। टूर्नामेंट मेंटर डॉ. जसलीन कालरा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। आयोजन को सफल बनाने में अंकुर चोपड़ा, नीरज शाह, हरि प्रजापति एवं वैदिक चेस की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Loading

Leave A Reply

Your email address will not be published.