उत्तरकाशी में हरकीदून घाटी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड 30 मकान जलकर राख – BBN Bharat

उत्तरकाशी में हरकीदून घाटी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड 30 मकान जलकर राख

0

-गैस सिलिंडर फटने के बाद विकराल हुई आग, कई परिवार बेघर; दुर्गम क्षेत्र होने से राहत दलों को पहुंचने में हो रही देरी

उत्तरकाशी। सीमांत जनपद उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड की हरकीदून घाटी स्थित पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। एक मकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास स्थित लकड़ी के कई आवासीय भवनों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि करीब 30 मकानों के जलकर राख होने की सूचना है। इस घटना से अनेक परिवारों के सामने आशियाने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम गांव के एक मकान में अचानक आग लग गई। ग्रामीण कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग तेजी से फैलने लगी। बताया जा रहा है कि एक मकान में रसोई गैस सिलिंडर फटने के बाद आग ने और विकराल रूप ले लिया। गांव में अधिकांश भवन लकड़ी के बने होने तथा मकानों के एक-दूसरे के नजदीक होने के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं। देखते ही देखते कई मकान आग की भेंट चढ़ गए।

अग्निकांड के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने तथा अन्य मकानों को बचाने का प्रयास किया। आग की चपेट में आए भवनों में रखा घरेलू सामान, कपड़े, बर्तन, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुएं भी जलकर नष्ट हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 30 परिवार प्रभावित हुए हैं।

दुर्गम क्षेत्र होने से राहत कार्य चुनौतीपूर्ण

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने पुलिस, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीमों को मौके के लिए रवाना किया। मोरी तहसील मुख्यालय से गांव की दूरी लगभग 45 से 60 किलोमीटर बताई जा रही है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत एवं बचाव दलों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लग रहा है।

तहसीलदार मोरी सरदार सिंह चौहान के अनुसार सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की टीमें रवाना कर दी गई हैं। राहत दलों के मौके पर पहुंचने के बाद ही नुकसान का विस्तृत आकलन हो सकेगा।

प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत की दरकार

इस भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों को खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर कर दिया है। प्रभावित लोगों के सामने भोजन, कपड़े और अस्थायी आवास की व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का आधिकारिक आकलन किया जाना बाकी है। प्रशासन से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री, खाद्यान्न और अस्थायी आवास उपलब्ध कराने की अपेक्षा की जा रही है। शुरुआती खबरों में किसी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि अंतिम स्थिति राहत एवं बचाव दलों के मौके पर पहुंचने और प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.