एशियाई खेलों के हॉकी सितारों अभिषेक और सुखजीत को पीएनबी ने किया सम्मानित
देहरादून। सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंकों में शामिल पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने एशियाई खेल 2026 में भारतीय हॉकी टीम की स्वर्णिम सफलता में अहम भूमिका निभाने वाले ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता हॉकी खिलाड़ियों अभिषेक और सुखजीत सिंह का विशेष अभिनंदन किया। नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 स्थित पीएनबी के कॉरपोरेट कार्यालय में आयोजित समारोह में बैंक के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
एशियाई खेल 2026 के सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पाकिस्तान के खिलाफ 4-3 की जीत में अभिषेक ने 60वें मिनट में निर्णायक गोल दागकर भारत को फाइनल में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, फाइनल में मलेशिया के खिलाफ भारत की 5-1 की शानदार जीत में सुखजीत सिंह के प्रभावी प्रदर्शन ने टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम योगदान दिया। इस स्वर्णिम सफलता के साथ भारत ने लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए भी सीधी जगह सुनिश्चित की।
अभिषेक और सुखजीत सिंह पीएनबी के कर्मचारी होने के साथ-साथ बैंक की हॉकी टीम के वरिष्ठ सदस्य भी हैं। पीएनबी देशभर में जमीनी स्तर पर हॉकी प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें निखारने के उद्देश्य से हॉकी अकादमी भी संचालित करता है।
समारोह के दौरान दोनों हॉकी खिलाड़ियों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया। खिलाड़ियों ने अपने खेल अनुभव, चुनौतियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के प्रयासों को साझा किया।
अभिषेक की उपलब्धियां
अभिषेक राष्ट्रमंडल खेल 2022 के रजत पदक विजेता, एशियाई खेल 2022 के स्वर्ण पदक विजेता और पेरिस 2024 ओलंपिक में भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। वह एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2024 की स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य रहे तथा एशिया कप 2025 में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुने गए। तेजतर्रार फॉरवर्ड के रूप में पहचान बना चुके अभिषेक ने एशियाई खेल 2026 के सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ अंतिम क्षणों में निर्णायक गोल कर एक बार फिर बड़े मुकाबलों में अपनी क्षमता साबित की।
सुखजीत सिंह का शानदार सफर
सुखजीत सिंह राष्ट्रमंडल खेल 2022 के रजत पदक विजेता और एशियाई खेल 2022 के स्वर्ण पदक विजेता रहे हैं। वह लगातार दो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी—2023 और 2024—की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे तथा पेरिस 2024 ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। राष्ट्रीय टीम के भरोसेमंद स्ट्राइकर के रूप में अपनी पहचान बना चुके सुखजीत ने एशियाई खेल 2026 में भी प्रभावी प्रदर्शन कर भारतीय टीम की स्वर्णिम जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने कहा कि बैंक को अपने हॉकी सितारों की उपलब्धियों पर गर्व है। अभिषेक और सुखजीत का एशियाई खेल 2026 में प्रदर्शन उनके कौशल, दृढ़ संकल्प और खेल के प्रति समर्पण का प्रमाण है। पाकिस्तान के खिलाफ दबाव भरे सेमीफाइनल में दोनों खिलाड़ियों के योगदान ने भारतीय हॉकी के साथ पूरे पीएनबी परिवार को गौरवान्वित किया है।
उन्होंने कहा कि पीएनबी राष्ट्रीय खेल हॉकी के साथ अन्य खेल प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाता रहेगा।