डा. ढाल सिंह बिसेन उत्तराखंड के नए राज्यपाल नियुक्त, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल को दी मंजूरी
देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को उत्तराखंड सहित छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल की घोषणा की। इसके तहत डा. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, डा. ढाल सिंह बिसेन की नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी। इस फेरबदल में केरल, तमिलनाडु, ओडिशा, कर्नाटक और सिक्किम के राज्यपालों की नियुक्ति भी शामिल है।
घोषणा के अनुसार, सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डा. सुधा यादव को कर्नाटक और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। उत्तराखंड में राज्यपाल के रूप में डा. ढाल सिंह बिसेन की नियुक्ति राज्य के संवैधानिक नेतृत्व में बदलाव का महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। उनकी नियुक्ति औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करने के बाद प्रभावी होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन को देवभूमि उत्तराखण्ड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. बिसेन के दीर्घ राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री, सांसद और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता के रूप में जनहित एवं समाजसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका लंबा राजनीतिक अनुभव और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि डॉ. बिसेन के अनुभव एवं मार्गदर्शन से उत्तराखण्ड की विकास यात्रा को और गति मिलेगी। उनके नेतृत्व में राज्य में सुशासन, विकास और जनकल्याण से जुड़े प्रयासों को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन के सफल, यशस्वी एवं मंगलमय कार्यकाल की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि उनके मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा।
![]()