त्योहारों पर बिजली व्यवस्था की कमान संभालने मैदान में उतरे एमडी पीसी ध्यानी, बिजलीघरों का किया निरीक्षण – BBN Bharat

त्योहारों पर बिजली व्यवस्था की कमान संभालने मैदान में उतरे एमडी पीसी ध्यानी, बिजलीघरों का किया निरीक्षण

0

-त्योहारों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए यूपीसीएल अलर्ट, एमडी ने लिया व्यवस्था का जायजा

-लोड डिस्पैच केंद्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश, 6 से 9 नवंबर तक बिजलीघरों में तैनात रहेंगे अधिकारी

-दीपावली पर चौबीस घंटे बिजली आपूर्ति का लक्ष्य, यूपीसीएल ने कसी कमर, अधिकारियों की लगाई ड्यूटी

देहरादून। धनतेरस, दीपावली और आगामी त्योहारों पर प्रदेशवासियों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) पूरी तरह सतर्क हो गया है। त्योहारों के दौरान बिजली की मांग में संभावित वृद्धि को देखते हुए निगम ने व्यापक तैयारियां की हैं। यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने अधिकारियों को पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार शाम प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने यूपीसीएल एवं पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य भार प्रेषण केंद्र (एसएलडीसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में बिजली की मांग एवं उपलब्धता, ग्रिड संचालन और विद्युत आपूर्ति की निरंतर निगरानी की व्यवस्था का जायजा लिया।

प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान बिजली की मांग में होने वाली संभावित बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए मांग एवं उपलब्धता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति संबंधी किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि राज्य भार प्रेषण केंद्र प्रदेश की विद्युत व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां से प्रदेश में बिजली की मांग एवं उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखने के साथ ही विद्युत आपूर्ति और ग्रिड संचालन का समन्वय किया जाता है। त्योहारों के दौरान इस केंद्र की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। ऐसे में अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।

चौबीस घंटे सतर्क रहेंगे अधिकारी

पीसी ध्यानी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने और ड्यूटी रोस्टर के अनुसार चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत अथवा व्यवधान पर तत्काल कार्रवाई की जाए, जिससे त्योहारों के दौरान आमजन को असुविधा न हो।

प्रबंध निदेशक के निर्देशानुसार दीपावली एवं अन्य त्योहारों को देखते हुए 6, 7, 8 और 9 नवंबर की रात्रि में सभी संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों की ड्यूटी विद्युत उपकेंद्रों पर लगाई गई है। वरिष्ठ अधिकारियों को विभिन्न शहरों में भ्रमण कर विद्युत व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण करने और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

शहर के बिजलीघरों का किया निरीक्षण

धनतेरस के अवसर पर पीसी ध्यानी सहित नामित अधिकारियों ने देहरादून शहर के विभिन्न यूपीसीएल एवं पिटकुल बिजलीघरों का निरीक्षण किया। इस दौरान टर्नर रोड, निरंजनपुर, परेड ग्राउंड, बिंदाल, वसंत विहार और आराघर सहित विभिन्न बिजलीघरों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था एवं आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया गया।

इसके अतिरिक्त निगम के अधिशासी निदेशक (तकनीकी) एवं सभी मुख्य अभियंताओं को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य दीपावली पर्व के दौरान प्रत्येक उपभोक्ता को सुचारू एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है।

निगरानी और समन्वय के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी

विद्युत आपूर्ति की निरंतर निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को विभिन्न महत्वपूर्ण केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अधीक्षण अभियंता वीएस राणा को पर्यवेक्षी नियंत्रण एवं आंकड़ा अधिग्रहण (स्काडा) नियंत्रण कक्ष, अधीक्षण अभियंता शिखा अग्रवाल को चौबीस घंटे संचालित उपभोक्ता दूरभाष केंद्र तथा अधीक्षण अभियंता अरुण कांत को राज्य भार प्रेषण केंद्र में निगरानी एवं समन्वय का दायित्व सौंपा गया है।

ये अधिकारी विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखेंगे। किसी भी व्यवधान अथवा उपभोक्ता शिकायत की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने कहा कि त्योहारों के अवसर पर प्रदेश के प्रत्येक उपभोक्ता को सुचारू, सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना यूपीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निगम प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर मुख्य अभियंता (वाणिज्य) राहुल जैन, मुख्य अभियंता (तकनीकी) गौरव शर्मा, अधीक्षण अभियंता (संबद्ध) सुधीर कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता (वाणिज्य) प्रवेश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.