दर्शकों के दिल को झकझोर गई सैयारा, जूही बब्बर सोनी ने दी विद लव आपकी सैयारा नाटक की दमदार प्रस्तुति
देहरादून। महिला सशक्तीकरण के प्रभावी संदेश के साथ जूही बब्बर सोनी ने शुक्रवार को मंच पर जो प्रस्तुति दी, वह दर्शकों के दिलों में उतर गई। विद लव आपकी सैयारा नाटक के प्रभावी मंचन ने दर्शकों को गुदगुदाया भी, झकझोरा भी और समाज में महिलाओं की स्थिति से जुड़ी विभिन्न बातों पर सोचने को मजबूर भी किया।
शुक्रवार को सर्वे चैक के समीप स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में संस्कृति विभाग और दून विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में इस कार्यक्रम को आयोजित किया था। नादिरा जहीर बब्बर की परिकल्पना और जूही बब्बर सोनी के लिखित, निर्देशित व अभिनीत इस नाटक के अभी तक 130 से ज्यादा शो हो चुके हैं।
करीब डेढ़ घंटे के इस नाटक ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किए रखा । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुरेखा डंगवाल थीं। उन्होंने प्रस्तुति को बेहद शानदार बताते हुए जूही बब्बर और उनकी पूरी टीम को दून विश्वविद्यालय में इस प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया।
कार्यक्रम में सरदार भगवान सिंह विश्वविद्यालय के चैयरमैन एसपी सिंह, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना और मशहूर रंगकर्मी आलोक उल्फत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संस्कृति विभाग के उपनिदेशक शेखर प्रकाश पटवाल ने सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अजीत कुमार ने किया। इस मौके पर राकेश मैठाणी, जागृति आदि ने विशेष सहयोग किया।
![]()