दून विश्वविद्यालय के थिएटर विभाग से जुड़े दो कलाकारों को युवा उत्तराखंड सिने अवॉर्ड से सम्मानित किया गया

0

-उत्तराखंड में अलग पहचान बना रहा थिएटर डिपार्टमेंटः प्रोफेसर सुरेखा डंगवाल

देहरादून। उत्तराखंड की कला और सिनेमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दून विश्वविद्यालय के थिएटर विभाग से जुड़े दो कलाकारों को युवा उत्तराखंड सिने अवॉर्ड (YUCA) 2026 में सम्मानित किया गया। एमए थिएटर द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी एवं अभिनेता-रंगकर्मी सुनील सिंह को फिल्म ‘रैबार’ में मुख्य भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता तथा थिएटर विभाग की फैकल्टी एवं वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. कैलाश कंडवाल को गढ़वाली फिल्म ‘घपरोल’ के लिए सर्वश्रेष्ठ खलनायक अभिनय का पुरस्कार प्रदान किया गया।

टिहरी गढ़वाल के नौघर गांव निवासी सुनील सिंह का अभिनय से जुड़ाव बचपन से रहा है। राजकीय इंटर कॉलेज लमगांव से 12वीं की शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने देहरादून से स्नातक किया। अभिनय के जुनून ने उन्हें मुंबई तक पहुंचाया, जहां उन्होंने विभिन्न अभिनय कार्यशालाओं के माध्यम से प्रशिक्षण लिया। इसके बाद वे थिएटर और स्ट्रीट प्ले से लगातार जुड़े रहे। सुनील ने हिंदी वेब सीरीज ‘गन्स एंड गुलाब्स’, कई डॉक्यूमेंट्री और गढ़वाली फिल्मों में अभिनय किया है। फिल्म ‘ढोली’ में उन्होंने कास्टिंग डायरेक्टर, लाइन प्रोड्यूसर और सहायक के रूप में भी कार्य किया है।

यूका 2026 में सुनील सिंह को फिल्म ‘रैबार’ के लिए मिले सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार के साथ फिल्म ने आठ नामांकनों में से सात पुरस्कार अपने नाम किए। फिल्म की टीम को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई। सुनील की आगामी फिल्मों में ‘चंद्रा’ और ‘ढोली’ शामिल हैं।

वहीं, डॉ. कैलाश कंडवाल पिछले 34 वर्षों से रंगमंच और फिल्म विधा से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में दून विश्वविद्यालय के थिएटर विभाग में फैकल्टी के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने ‘पान सिंह तोमर’, ‘यारा’, ‘रोटू का राज’, ‘पिंटी का साबुन’, ‘अंजवाल’, ‘दुनाली’ और ‘वापसी’ सहित कई फिल्मों में अभिनय किया है। इसके अलावा वे ‘सावधान इंडिया’, ‘CID’ जैसे टीवी धारावाहिकों तथा ‘गन्स एंड गुलाब्स’ वेब सीरीज में भी अभिनय कर चुके हैं।

रंगमंच के क्षेत्र में डॉ. कंडवाल ने अनेक नाटकों का निर्देशन और अभिनय किया है। उनके द्वारा अनूदित एवं अडॉप्ट किए गए ‘रिफंड’ नाटक का 50 से अधिक बार मंचन हो चुका है। वे 15 से अधिक बाल रंगमंच कार्यशालाओं का आयोजन कर चुके हैं और पांच बाल नाटकों का लेखन भी किया है। 14वें यंग उत्तराखंड सिने अवॉर्ड में उन्हें गढ़वाली फिल्म ‘घपरोल’ के लिए सर्वश्रेष्ठ खलनायक अभिनय का पुरस्कार मिला।

दोनों कलाकारों की इस उपलब्धि पर दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सुनील सिंह और डॉ. कैलाश कंडवाल को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों की ऐसी उपलब्धियां न केवल संस्थान का गौरव बढ़ाती हैं, बल्कि उत्तराखंड की कला, संस्कृति और सिनेमा को भी नई पहचान दिलाती हैं।

आईक्यूएसी (IQAC) के निदेशक प्रो. एच.सी. पुरोहित ने भी दोनों कलाकारों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि रंगमंच और सिनेमा के क्षेत्र में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी विश्वविद्यालय में रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करती है। इस अवसर पर कुलसचिव दुर्गेश डिमरी, प्रो. आर.पी. ममगाईं, प्रो. एच. हर्ष डोभाल, प्रो.राजेश कुमार, प्रो. चेतना पोखरियाल, डॉ. राजेश भट्ट, डॉ. अजीत पंवार सहित विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी सुनील सिंह और डॉ. कैलाश कंडवाल को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सुनील सिंह और डॉ. कैलाश कंडवाल की यह उपलब्धि उत्तराखंड के रंगमंच और क्षेत्रीय सिनेमा के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों कलाकार उत्तराखंड की लोकभाषा, संस्कृति और स्थानीय कहानियों को रंगमंच तथा सिनेमा के माध्यम से व्यापक मंच देने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.