नवीकरणीय ऊर्जा में उत्तराखंड का राष्ट्रीय गौरव, विशेष श्रेणी के राज्यों में मिला दूसरा स्थान – BBN Bharat

नवीकरणीय ऊर्जा में उत्तराखंड का राष्ट्रीय गौरव, विशेष श्रेणी के राज्यों में मिला दूसरा स्थान

0

-उपराष्ट्रपति ने भारत मंडपम में किया सम्मानित, स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों को मिली पहचान

देहरादून। नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से संचालित नवीकरणीय ऊर्जा राज्य आकलन ढांचे (आरई-एसएएफ) 2026 के तहत उत्तराखंड ने विशेष श्रेणी के राज्यों में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर पांच नवंबर को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति ने राज्य को प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026 के समापन समारोह में उत्तराखंड की ओर से शासन के प्रमुख सचिव (ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा) डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) एवं पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पीटीसीयूएल) के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी तथा उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने पुरस्कार प्राप्त किया।

उल्लेखनीय है कि भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो का आयोजन नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से दो से पांच नवंबर तक किया गया। इस आयोजन के अंतर्गत नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रदर्शन का आकलन किया गया।

आरई-एसएएफ के तहत राज्यों के प्रदर्शन का मूल्यांकन नवीकरणीय ऊर्जा के विकास, नीतिगत एवं नियामकीय व्यवस्था, विद्युत ग्रिड में नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण की तैयारी तथा आधारभूत ढांचे की उपलब्धता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर किया जाता है। इन मानकों पर उत्तराखंड का बेहतर प्रदर्शन प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ऊर्जा क्षेत्र में प्रगति

यूपीसीएल के अनुसार, उत्तराखंड को मिली यह उपलब्धि मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और सतत मार्गदर्शन में राज्य सरकार तथा ऊर्जा क्षेत्र के विभिन्न उपक्रमों की ओर से किए जा रहे सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा को प्रोत्साहित करने, विद्युत ग्रिड में इसके एकीकरण की क्षमता को मजबूत करने तथा स्वच्छ और सतत ऊर्जा विकास की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

यह राष्ट्रीय सम्मान उत्तराखंड के ऊर्जा क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। इससे राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धता और प्रगति को पहचान मिली है। यूपीसीएल ने स्वच्छ, हरित, विश्वसनीय एवं सतत ऊर्जा व्यवस्था के विकास में अपना योगदान निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.