नेत्र कुंभ-2027 में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की होगी निःशुल्क नेत्र जांच, हरिद्वार कुंभ में 45 दिन चलेगा नेत्र चिकित्सा महाशिविर, 10 हजार ऑपरेशन का लक्ष्य
-नेत्र कुंभ की सफलता के लिए सरकार और मेला प्रशासन देगा पूरा सहयोगः मुख्यमंत्री
देहरादून। हरिद्वार कुंभ-2027 में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 45 दिवसीय नेत्र कुंभ का आयोजन किया जाएगा। इस महाशिविर में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच, एक लाख चश्मों का वितरण और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिविर में मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर के सभागार में आयोजित नेत्र कुंभ-2027 के शंखनाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने आयोजन से जुड़ी संस्था सक्षम और सहयोगी संगठनों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान मानव सेवा और परोपकार की भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नेत्र चिकित्सा महाशिविर 12 जनवरी से 25 फरवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने आयोजन समिति को आश्वस्त किया कि इसकी सफलता के लिए राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में कुंभ केवल आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का पर्व नहीं है, बल्कि सेवा, सहयोग और परोपकार का भी संदेश देता है। हमारी परंपरा में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है और नेत्र कुंभ इसी भावना को साकार करने का प्रयास है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण अनेक लोग समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते। ऐसे लोगों तक निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना सराहनीय पहल है। आंखों का उपचार लोगों को बेहतर दृष्टि देने के साथ उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ाता है।
प्रयागराज कुंभ से शुरू हुई सेवा यात्रा
मुख्यमंत्री ने बताया कि नेत्र कुंभ की सेवा यात्रा वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से शुरू हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इसका आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से लाखों लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच और हजारों लोगों के ऑपरेशन किए जा चुके हैं। हरिद्वार में 2027 में होने वाला आयोजन इस सेवा अभियान को और व्यापक बनाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार कुंभ के भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम यातायात और पैदल आवागमन की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों से नेत्र कुंभ में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार, नेत्र कुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, सक्षम उत्तराखंड के प्रांत अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के प्रबंध प्रमुख ललित प्रसाद पंत, आयोजन समिति के उपाध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल, महासचिव डॉ. अनुज सिंघल सहित विभिन्न सामाजिक और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।