सोनिया गांधी की पुस्तक के बहाने जुटे विभिन्न विचारधाराओं के प्रबुद्धजन
सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’’ के बहाने सियासत से परे संवाद का मंच बने हरीश रावत
-चिकित्सक, पत्रकार, साहित्यकार, पूर्व नौकरशाह और विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं के प्रतिनिधि हुए शामिल
देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों और गणमान्य नागरिकों के सम्मान में आत्मीय दोपहर भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा लिखित पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’’ सभी आमंत्रित अतिथियों को सप्रेम भेंट की। करीब 60 से 70 लोगों की मौजूदगी में आयोजित यह कार्यक्रम राजनीतिक सीमाओं से परे संवाद, सौहार्द और वैचारिक आदान-प्रदान का साझा मंच बन गया।
आयोजन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों के साथ उत्तराखंड के प्रतिष्ठित चिकित्सक, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार, शिक्षाविद्, सामाजिक चिंतक और वामपंथी दलों के प्रतिनिधियों ने भी भागीदारी की। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोग एक साथ जुटे और आत्मीय वातावरण में विचारों का आदान-प्रदान किया।
भोज से पहले हरीश रावत ने स्वयं प्रत्येक अतिथि के पास जाकर उन्हें सोनिया गांधी की पुस्तक भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा ने भी पद्मश्री बसंती बिष्ट सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को अपने हाथों से पुस्तक भेंट की। उन्होंने सोनिया गांधी के साथ बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके व्यक्तित्व में आत्मीयता और ममत्व का विशेष भाव है। उनके साथ बिताए पल उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कुमारी शैलजा के विचारों का समर्थन करते हुए उनके अनुभवों से स्वयं को जुड़ा बताया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत भी किया।
भोजन के उपरांत उपस्थित लोगों से पुस्तक की विषयवस्तु, उसके भावनात्मक पक्ष और उसमें समाहित अनुभवों को लेकर विचार एवं प्रतिक्रियाएं जानी गईं। अतिथियों ने संक्षेप में अपने विचार साझा किए और इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि लंबे समय बाद विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय परिचितों और मित्रों से एक साथ मिलने, आत्मीय बातचीत करने और विचार साझा करने का अवसर मिला है। सोनिया गांधी की पुस्तक उपहार स्वरूप मिलना इस मुलाकात को और भी खास बना गया। कई अतिथियों ने पुस्तक को पढ़ने के प्रति विशेष उत्सुकता भी दिखाई।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य करन माहरा, राष्ट्रीय सचिव एवं दिल्ली कांग्रेस प्रभारी काजी निजामुद्दीन, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, सह प्रभारी मनोज यादव एवं सुरेंद्र शर्मा, पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा, उपाध्यक्ष सुरेंद्र अग्रवाल, संजय शर्मा, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, प्रदीप जोशी और सुमित्रा भुल्लर सहित अनेक कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा पूर्व मुख्य सचिव नृप सिंह नपच्याल, सेवानिवृत्त आईएएस विनोद शर्मा एवं चंद्र सिंह नपच्याल, पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, पद्मश्री बसंती बिष्ट, वामपंथी नेता इंद्रेश मैखुरी, समर भंडारी एवं राजेंद्र सिंह नेगी, एसएन सचान, अनूप नौटियाल, ब्रिगेडियर पाहवा, सेवानिवृत्त आईएफएस डीएस खाती और सेवानिवृत्त आईपीएस अजय रौतेला भी शामिल हुए।
चिकित्सा एवं शिक्षा जगत से डॉ. विजय धस्माना, डॉ. विपुल कंडवाल, डॉ. महेश कुड़ियाल, डॉ. सिद्धांत खन्ना, नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, डॉ. डीपी जोशी, डॉ. हर्ष डोभाल, डॉ. आरए खान, डॉ. सुशील सिंह, प्रो. सत्येंद्र सिंह रावत, डॉ. महेंद्र सिंह कुंवर और ललित जोशी की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में जगदीश कुकरेती, कर्नल प्रकाश सिंह दसौनी, अधिवक्ता अतुल पुंडीर, देहरादून बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल, अधिवक्ता टीएस बिंद्रा, दिनेश अग्रवाल, कुमाऊं सभा के अध्यक्ष कमल सिंह रजवार, लेखक गणेश शैली एवं तानिया शैली, अंजली नौटियाल, संदीप साहनी, राजीव जैन, इंद्र सिंह खत्री, पंकज अग्रवाल, गुलजार अहमद, इंजीनियर सलमान और नंदलाल भारती सहित अनेक गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
हरीश रावत की इस पहल ने यह संदेश दिया कि सार्वजनिक जीवन में राजनीति केवल सत्ता और संघर्ष तक सीमित नहीं है। विभिन्न विचारधाराओं और कार्यक्षेत्रों से जुड़े लोगों के बीच संवाद, आत्मीयता, साहित्य और विचारों का आदान-प्रदान भी लोकतांत्रिक एवं सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।